Header Google Ads

Virat-Hardik Dance: विराट कोहली ने हार्दिक पांड्या के साथ किया डांस, वीडियो शेयर कर लिखा- आप जानते हैं कि...

विराट कोहली ने हार्दिक पांड्या के साथ वीडियो शेयर किया है, जिसमें दोनों शानदार डांस कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से पहले दोनों मस्ती कर रहे हैं और जरा भी तनाव में नहीं हैं। 


टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली लय में लौट चुके हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मैच में शानदार 122 रन बनाए थे। यह उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का पहला शतक था। इसके बाद से विराट का आत्मविश्वास लौट चुका है और वह तनावमुक्त हो चुके हैं। यह उनके रवैये में दिख रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले विराट कोहली ने एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह हार्दिक पांड्या के साथ मस्ती करते दिख रहे हैं। दोनों बहुत ही मजेदार डांस कर रहे हैं। 
हार्दिक पांड्या 2021 टी20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया में वापसी कर चुके हैं। आईपीएल 2022 से ही वह शानदार फॉर्म में हैं। वहीं, विराट कोहली ने लगभग तीन साल इंतजार करने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाया है और वह भी खराब फॉर्म से उबर चुके हैं। यही वजह है कि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ सीरीज से पहले दोनों खिलाड़ियों को कोई तनाव नहीं है और मस्ती कर रहे हैं।


यह वीडियो शेयर करते हुए विराट और हार्दिक ने लिखा "आप जानते हैं कि हम कैसे करते हैं।" दोनों स्टार खिलाड़ियों का यह वीडियो फैंस को बहुत पसंद आ रहा है। इंस्टाग्राम पर शेयर होने के एक घंटे के अंदर 16 लाख से ज्यादा लोग इसे लाइक कर चुके हैं और 16 हजार से ज्यादा कमेंट भी आए हैं। इस वीडियो में दोनों खिलाड़ी चश्मा लगाकर मस्ती भरे अंदाज में डांस कर रहे हैं। 


शानदार फॉर्म में हैं हार्दिक
हार्दिक पांड्या आईपीएल 2022 में वापसी करने के साथ शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने पहले गेंद और बल्ले दोनों से कमाल करते हुए गुजरात की टीम को चैंपियन बनाया। इस दौरान उनकी कप्तानी भी शानदार रही। इसके बाद भारतीय टीम में उन्होंने वापसी की और फिर से गेंद और बल्ले दोनों से कमाल किया। कई मैच उन्होंने गेंदबाजी से पलटे तो कुछ में बल्ले से कमाल किया। कुछ मैचों में उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल किया और अपने दम पर ही टीम को जीत दिलाई। इस दौरान उन्होंने तीन मैचों में भारत की कप्तानी भी की और रोहित के बाद भारत के कप्तान बनने के प्रबल दावेदार बन चुके हैं।

विराट लंबे समय बाद लय में लौटे
विराट कोहली लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। उन्होंने नवंबर 2019 के बाद कोई शतक नहीं लगाया था। इस बीच उन्होंने तीनों फॉर्मेट में भारत की कप्तानी छोड़ दी। आईपीएल में भी कप्तानी छोड़ी, लेकिन उनकी फॉर्म नहीं लौटी। इसके बाद उन्होंने एक महीने का ब्रेक लिया और एशिया कप में फॉर्म हासिल कर लिया। 

पहले लगातार दो अर्धशतक लगाए फिर अफगानिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी खेल फॉर्म में लौटने का एलान कर दिया। एशिया कप से पहले विराट कोहली और हार्दिक पांड्या की शानदार फॉर्म भारत के लिए बेहद सुखद है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.