कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. नितिन राउत घायल हो गए। राउत बुधवार को तेलंगाना पुलिस के एक अधिकारी द्वारा धक्का-मुक्की करने के बाद घायल हुए जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना तब हुई, जब वह तेलंगाना में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ चल रहे थे।
स्थानीय वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने डॉ. राउत को जोर से धक्का दिया, जिसके कारण वह जमीन पर गिर गए, उनके सिर, दाहिनी आंख के ऊपर, हाथों और पैरों पर चोट लग गई। हालांकि पुलिस के व्यवहार के लिए उकसावे की स्थिति स्पष्ट नहीं है, राउत को हैदराबाद के वासव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस नेताओं ने उनकी हालत स्थिर बताई है।
राहुल समेत कई पार्टी नेताओं ने ली राउत के स्वास्थ्य की जानकारी
Congress leader and Maharashtra's former Energy Minister Nitin Raut admitted to Vasavi Hospital in Hyderabad, Telangana when he fell down after allegedly being pushed by Police during Bharat Jodo Yatra. He sustained injuries in his right eye, hands and legs. pic.twitter.com/gk8uUZydVe
— ANI (@ANI) November 2, 2022
राहुल गांधी ने डॉ. राउत के स्वास्थ्य की जानकारी फोन के जरिए ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे कई शीर्ष नेता एआईसीसी पदाधिकारियों के.सी. वेणुगोपाल, के. राजू, राजेश लिलोथिया, इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार, तेलंगाना में विपक्ष के नेता हट्टी विक्रमार्क और अन्य लोगों ने या तो फोन किया या अस्पताल में डॉ. राउत से मिलने गए। नागपुर के रहने वाले 70 वर्षीय डॉ. राउत महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री हैं और कांग्रेस के एससी/एसटी सेल के पूर्व अध्यक्ष भी हैं।
तेलंगाना में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आठवां दिन
बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बुधवार को एक बार फिर हैदराबाद से शुरू हुई। यात्रा के बुधवार को 28 किलोमीटर का सफर तय करने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि राहुल बुधवार की यात्रा समाप्त करने से पहले मुथंगी में एक बैठक में शामिल होंगे। राज्य में भारत जोड़ो यात्रा का यह आठवां दिन है। कार्यकताओं और समर्थकों की भारी भीड़ के बीच राहुल ने मंगलवार को हैदराबाद के प्रतिष्ठित चारमीनार के सामने राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। उनके पिता एवं तत्कालीन पार्टी प्रमुख राजीव गांधी ने करीब 32 साल पहले इसी स्थान से ‘सद्भावना यात्रा’ शुरू की थी।
7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी यात्रा
‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करने से पहले राज्य में कुल 375 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। तेलंगाना में यह 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों से गुजरेगी। यात्रा चार नवंबर को एक दिन का विराम लेगी। केरल के वायनाड से सांसद राहुल राज्य में पदयात्रा के दौरान कई बुद्धिजीवियों, विभिन्न समुदायों के नेताओं, खेल, व्यवसाय और मनोरंजन क्षेत्र की कई हस्तियों से मुलाकात करेंगे।
0 Comments