Ticker

6/recent/ticker-posts

Advertisement

राजधानी पटना में बड़ी वारदातः जाम में फंसी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो की हत्या

पटना के बाईपास थाना क्षेत्र के एनएच पर कसेरा धर्मकांटा के समीप बदमाश ने जाम में फंसी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से पटना सिटी निवासी कार सवार अभिषेक वर्मा उर्फ मस्तु और उनके साथी सुनील कुमार की मौत हो गई।


वारदात को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए। अभिषेक वर्मा गुंजन खेमका हत्याकांड का आरोपित था। साथ ही उसपर कई थानों में मामले दर्ज थे। मृतक सुनील कुमार की पत्नी आभा निशा ने बताया कि मेरे घर के सामने ही मस्तु कम्युनिटी हाल बना रहा है। हमेशा वो मेरे पति को फोन कर बुला लेता था। मैं हमेशा मना करती थी कि मस्तु का साथ छोड़ दो। वो अच्छा आदमी नहीं है। उसका चक्कर छोड़ दो। सुनील ने मेरी बात नहीं मानी। मस्तु के चक्कर में बेगुनाह मेरा पति मारा गया। हमेशा लोगों की मदद करते थे। बहुत अच्छे इंसान, पति और पिता थे सुनील


दिन में हुई अनबन के बाद अचानक शाम में बोले चलो

पत्नी आभा निशा ने बताया कि दिन में किसी बात को लेकर पति सुनील से थोड़ी अनबन हुई थी। उन्होंने कहा था कि मस्तु को शाम सात बजे दिल्ली जाने वाली ट्रेन के लिए स्टेशन छोडऩा है। तुमको नहीं लेकर जाएंगे। अचानक शाम 5:30 बजे बोले कि चलो तैयार हो जाओ। मैंने कहा कि इतनी जल्दी ननद को छोडऩे हम लोग क्यों जाएंगे। तो सुनील ने कहा कि मस्तु को स्टेशन भी छोडऩा है। तुम लोग भी साथ चलो। मैं अपनी बेटी और ननद अपने बेटा के साथ कार के पीछे वाली सीट पर बैठ गए।


मस्तु की पत्नी पप्पी वर्मा ने वार्ड 62 के पार्षद का लड़ा था चुनाव

स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों की गोलियों से मृत सुनील कुमार की बाकरगंज में मोबाइल की दुकान थी। उनकी एक पुत्री है। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभिषेक वर्मा उर्फ मस्तु जमीन का बड़े पैमाने पर कारोबार करता था। उसकी हत्या की जांच में जुटी पुलिस भूमि विवाद से जुड़े मामलों को भी देख रही है। घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देखी जा रही है। स्वजन ने बताया कि मस्तु की पत्नी पप्पी वर्मा ने वार्ड 62 से वर्ष 2017 में निगम पार्षद का चुनाव लड़ा था। वो हार गयी थी। मस्तु को एक पुत्र और एक पुत्री है।

Post a Comment

0 Comments