Header Google Ads

हरियाणा : सालभर भी नहीं टिक पाया अंतरजातीय प्रेम विवाह, शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने लगाई फांसी

पहली नजर में एक-दूसरे को पसंद किया। फिर दोस्ती हुई और धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। प्यार को परवान चढ़ाने के लिए युवक-युवती ने तमाम रुढ़िवादी परंपराओं और जातीय बंधन को तोड़ते हुए शादी कर ली।शुरुआत में सबकुछ ठीकठाक रहा लेकिन जातीय दबाव ने रिश्ते पर ग्रहण लगा दिया। मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना बढ़ी तो तंग आकर विवाहिता ने फंदा लगा लिया। इस तरह से अंतरजातीय प्रेम विवाह से शुरू हुआ रिश्ता एक साल भी नहीं चल पाया।


मामला बहादुरगढ़ के राम नगर का है। इस संबंध में पति व नानी सास पर जातीसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, मारपीट करने व आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत सिटी थाने में केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतका की पहचान करीब 25 वर्षीय उषा के रूप में हुई है। उषा गांव टांडाहेड़ी की बेटी थी। गत 7 मार्च 2021 को उसने हितेश के साथ शादी की थी। 


हितेश यहां राम नगर में अपनी नानी के घर रहता है। शुरुआत में दोनों खुश रहे लेकिन बाद में किन्हीं कारणों से परिस्थितियां बदलने लगी। रविवार की देर शाम को उषा का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही सिटी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। सोमवार को नागरिक अस्पताल परिसर में शव का पोस्टमार्टम हुआ। इस दौरान डीएसपी पवन कुमार, सिटी एसएचओ जयभगवान सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद विवाहिता का शव परिजनों को सौंप दिया गया।


पति हितेश व नानी सास को जिम्मेदार ठहराया

विवाहिता की मौत के पीछे उसके पति हितेश व नानी सास को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। मृतका उषा के पिता मुख्तयार सिंह का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। हमारी बेटी को जातिसूचक शब्द कहे जाते थे। इसी आधार पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने कई बार हितेश व उसकी नानी को समझाया लेकिन वे नहीं माने। करीब ढाई-तीन महीने पहले उषा का मोबाइल भी छीन लिया। हमसे बात भी नहीं करने दी जाती थी। 


हो सकता है हमारी बेटी को मारा गया हो, अन्यथा मरने के लिए तो मजबूर किया ही गया है। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हमारी मृत बेटी को न्याय दिलाया जाए। उधर, डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि एक महिला द्वारा आत्म हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मृतका के पिता ने शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर आरोपित पति हितेश और उसकी नानी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.