सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटर गिरफ्तार
बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ये गिरफ्तारी गुजरात के भुज से हुई है। सलमान खान के घर हुई फायरिंग के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार देर रात उसे बड़ी सफलता हाथ लगी।
बता दें कि एक आरोपी की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम निवासी हरियाणा उर्फ कालू के रूप में हुई थी। एसटीएफ इस मामले को लेकर विशाल के घर भी पहुंची थी। इस दौरान उसकी मां और बहन से पूछताछ की गई। विशाल डेढ़ साल से अपराध की दुनिया में एक्टिव था। वह स्क्रैप का बिजनेस करने वाले व्यापारी सचिन उर्फ गोदा की हत्या के मामले में भी आरोपी रह चुका है।
आपको बता दें कि बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट पर बाइक से आए दो हमलावरों ने सुबह करीब 5 बजे फायरिंग कर दी थी। पांच राउंड फायरिंग में से एक गोली सलमान खान के घर में जाकर गिरी। सलमान उस वक्त घर पर ही थे।
इस सनसनीखेज घटना के बाद आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे। जिसमें एक आरोपी बाइक के पीछे बैठकर फायरिंग करता नजर आ रहा था। इसके साथ ही दोनों आरोपियों के चेहरे भी दुनिया के सामने आ गए थे। अब पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे इस फायरिंग केस से जुड़े राज उगलवाने की कोशिश कर रही है। इस फायरिंग केस में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई का नाम यामने आया था। जिसने इस पूरे हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि ये तो सिर्फ ट्रेलर है।